सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने प्रधानमंत्री जनमन सड़क योजना के कार्यों का किया निरीक्षण
सीतापुर/मैनपाट। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट ब्लॉक अंतर्गत भाजपा मंडल राजापुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन सड़क योजना के तहत संचालित विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
विधायक ने चोरकीपानी से मेंछारौना, मेंछारौना से जंगलपारा एवं उड़मकेला से मोहनाडीहारी तक निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वर्षों से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों के हितों के साथ किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि रहे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार दूर-दराज के क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा “विकसित भारत” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल राजापुर के वरिष्ठजन, मंडल पदाधिकारी, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, सचिव, मोर्चा अध्यक्ष, बूथ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








