

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर बतौली पुलिस की कार्रवाई, 3 चालकों पर ₹44 हजार का जुर्माना
बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक भी कार्रवाई के दायरे में, न्यायालय ने सुनाया अर्थदंड
बतौली, 13 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा जिले की बतौली पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने तीनों वाहन चालकों पर कुल 44 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान पहले मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 EA 2128 के चालक लल्लू गिरी (40 वर्ष), निवासी बरगीडीह, थाना लुण्ड्रा को रोककर पूछताछ की गई। जांच और चिकित्सकीय परीक्षण में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां उन पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
दूसरे मामले में पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ वाहन चला रहे निशांत कुजूर (19 वर्ष), निवासी सुवारपारा, थाना बतौली को पकड़ा। जांच में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 182ए(4) और 192(1)(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रकरण पेश किया। न्यायालय ने उन पर 17 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
इसी तरह तीसरे मामले में राकेश तिर्की (20 वर्ष), निवासी सुवारपारा, थाना बतौली को बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। चिकित्सकीय परीक्षण में शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय ने उन पर 17 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
इस प्रकार, तीनों मामलों में न्यायालय द्वारा कुल 44 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी रहेगी कार्रवाई
बतौली पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







