

सूरजपुर में 13 अक्टूबर को ‘डॉक्टर आपके द्वार’ एंबुलेंस का होगा शुभारंभ
रेडक्रॉस सोसायटी की पहल से जरूरतमंदों को मिलेगी राहत, सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान शिविर, पौधरोपण और निःशुल्क उपकरण वितरण का भी होगा आयोजन
सूरजपुर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सूरजपुर की ओर से जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर को ‘डॉक्टर आपके द्वार’ एंबुलेंस का शुभारंभ किया जाएगा। जिला चिकित्सालय सूरजपुर में मंगलवार सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत होगी।कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर, पौधरोपण, सेवा संस्थाओं का सम्मान, अंगवीर एवं रक्तवीर सम्मान तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क उपकरण वितरण भी किया जाएगा।
रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं और मानवीय सहायता को पहुंचाने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, नगर पालिका परिषद सूरजपुर की अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, वाइस चेयरमैन ओंकार पाण्डेय, राज्य प्रतिनिधि अशोक अग्रवाल, तथा कोषाध्यक्ष श्रवण जैन सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।
सेवा और समर्पण का संदेश देगा आयोजन
कार्यक्रम में रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं का सम्मान भी किया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क उपकरण वितरित किए जाएंगे।
रेडक्रॉस सोसायटी की प्रबंध समिति के सदस्यों आजीवन सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना को समर्पित रहेगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








