

आर्थिक तंगी और 66 प्रतिशत दिव्यांगता भी नहीं रोक सकी पूजा के हौसले, NEET-2026 क्वालीफाई कर डॉक्टर बनने की राह पर
अंबिकापुर/सीतापुर। आर्थिक तंगी और 66 प्रतिशत दिव्यांगता जैसी चुनौतियों के बावजूद सरगुजा की बेटी पूजा सिंह ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता की मिसाल पेश की है। सीतापुर विकासखंड के ग्राम राधापुर निवासी पूजा ने NEET-2026 क्वालीफाई कर मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में प्रवेश हासिल किया है। इसके साथ ही उनका डॉक्टर बनने का सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गया है।
पूजा ने अपनी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा शासकीय विद्यालय से पूरी की। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बड़े शहर में रहकर महंगी कोचिंग लेना उनके लिए संभव नहीं था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और चार वर्षों तक घर पर रहकर लगातार NEET की तैयारी की। 66 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद पूजा ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर परीक्षा में सफलता हासिल की।
पूजा की मां मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच बेटी की पढ़ाई जारी रखने के लिए मां ने लगातार मेहनत की। अब शासन की मदद से पूजा की मेडिकल शिक्षा में आर्थिक कठिनाई बाधा नहीं बनेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर अजीत वसंत ने डीएमएफ मद से पूजा की मेडिकल शिक्षा के लिए 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इस सहायता से पूजा को मेडिकल कॉलेज में अध्ययन के दौरान आर्थिक सहयोग मिलेगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









