Search
Close this search box.

डीआईजी एवं एसएसपी ने ली जिले के थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीआईजी एवं एसएसपी ने ली जिले के थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

अंबिकापुर, 12 सितंबर 2026। पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में 11 सितंबर को डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, चालान, खात्मा, गुम इंसान, म्यूल अकाउंट एवं पीओएस सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

बैठक में थाना एवं चौकी प्रभारियों को सीसीटीएनएस पोर्टल पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां अद्यतन रखने, ई-साक्ष्य, मालखाना एंट्री, वीसीएनबी एंट्री तथा ई-सिग्नेचर की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल रिपोर्ट ऑनलाइन भेजने के लिए MedLeaPR पोर्टल का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा CCTNS में IIF-1 से IIF-6 तक की ऑनलाइन एंट्री पूर्ण करने को कहा गया।

लंबित मामलों के निराकरण पर जोर

एसएसपी ने पुराने लंबित अपराध, मर्ग, शिकायत, गुम इंसान एवं खात्मा स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही लघु अधिनियम एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने तथा थाना क्षेत्रों में जिला बदर योग्य अपराधियों के प्रतिवेदन तत्काल कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया।

न्यायालय से जारी समंस, वारंट, नोटिस एवं तस्दीकी मामलों की प्राथमिकता से तामिली करने तथा ई-समंस की तामिली कर ऑनलाइन न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

FSL टीम और डिजिटल साक्ष्य पर विशेष ध्यान

संदिग्ध एवं गंभीर अपराधों में घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए FSL टीम को अनिवार्य रूप से घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए गए। थानों में जब्त लावारिस वाहनों की नीलामी प्रक्रिया आगे बढ़ाने तथा NDPS एवं राजसात प्रकरणों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

त्योहारों में बढ़ेगी विजिबल पुलिसिंग

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले के मुख्य चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने तथा प्रभावी पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

गुम इंसानों के मामलों में थाना एवं चौकी प्रभारियों को संबंधित व्यक्तियों के निवास स्थान पर जाकर फिजिकल वेरिफिकेशन करने तथा लंबित मामलों में शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

साइबर जागृति अभियान के तहत प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम

वित्तीय धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत थाना एवं चौकी प्रभारियों को प्रतिदिन स्कूल-कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों एवं सोसायटियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर 2026 को जिले के सभी पुलिस कार्यालयों में दीप प्रज्ज्वलन सहित अभियान के अन्य कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश रक्षित निरीक्षक एवं थाना-चौकी प्रभारियों को दिए गए।

थानों को मिले डिजिटल उपकरण

बैठक के अंत में पुलिस मुख्यालय से प्राप्त डिजिटल उपकरण थाना एवं चौकी प्रभारियों को वितरित किए गए। इनमें ई-सिग्नेचर पेन, डिजिटल सिग्नेचर हेतु उपकरण, डिजिटल QR कोड स्कैनर, डिजिटल लाइव स्कैनर एवं थंब मशीन शामिल हैं। अधिकारियों को इन उपकरणों का उचित रखरखाव करते हुए निर्धारित कार्यों में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.), एसडीओपी श्री तुल सिंह पट्टावी, उप पुलिस अधीक्षक श्री सुरेश भगत, उप पुलिस अधीक्षक श्री राकेश बघेल, रक्षित निरीक्षक श्रीमती तृप्ति सिंह राजपूत सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें