

साइबर जागृति अभियान के दूसरे सप्ताह में बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में पहुंचकर नागरिकों को किया जागरूक
OTP, UPI, QR कोड फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK, डिजिटल अरेस्ट और सेक्सटॉर्शन से बचाव के बताए उपाय
अंबिकापुर, 25 अगस्त 2026।
सरगुजा पुलिस द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के दूसरे सप्ताह में जिले के विभिन्न बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डीआईजी/एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बतौली, सेंट्रल बैंक नर्मदापारा, पंजाब नेशनल बैंक अंबिकापुर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंबिकापुर, ग्रामीण बैंक लुण्ड्रा, ग्रामीण बैंक लखनपुर, राज्य ग्रामीण बैंक अंबिकापुर, सहकारी समिति बैंक लखनपुर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया लखनपुर एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सीतापुर में उपस्थित नागरिकों, बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों तथा व्यवसायिक संगठन (कैट) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
साइबर ठगी के नए तरीकों से कराया अवगत
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विशेष रूप से OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से बचाव के उपाय समझाए।
नागरिकों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। किसी व्यक्ति के कहने पर QR Code स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
पुलिस ने सोशल मीडिया का उपयोग करते समय भी सतर्कता बरतने की अपील की। नागरिकों को निजी फोटो, वीडियो एवं व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने तथा फर्जी प्रोफाइल और अनजान वीडियो कॉल से सावधान रहने की समझाइश दी गई।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व की जानकारी देते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने के तुरंत बाद शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
“जागरूकता की एक Selfie” अभियान में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता
अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे “जागरूकता की एक Selfie” कार्यक्रम के तहत नागरिकों को जागरूकता QR Code की जानकारी दी गई। नागरिकों को QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने और साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने QR Code के साथ Selfie लेकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।
लगभग 500 नागरिक हुए शामिल
कार्यक्रम में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज प्रजापति, उप निरीक्षक अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवकुमार ध्रुव, हर्ष कुमार, डिगेश्वर वर्मा, आशी झा एवं अनुराग वर्मा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, वरदान लकड़ा, गंभीर साय, महिला प्रधान आरक्षक मेविस ज्योत्स्ना, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र बंजारे, नवाबिहान टीम से मंगल पाण्डेय एवं अनिल मिश्रा तथा आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा, दशरथ राजवाड़े सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान में लगभग 500 नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार, परिचितों और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया।
सरगुजा पुलिस की अपील—
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











