

टीईटी उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में देरी पर शिक्षक कल्याण संघ ने उठाए सवाल
अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर डीपीसी, काउंसलिंग और पदोन्नति आदेश की तारीख तय करने की मांग
अंबिकापुर/सरगुजा, 24 अगस्त 2026। सरगुजा जिले में टीईटी उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षा कल्याण संघ ने नाराजगी जताई है। संघ ने लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र भेजकर पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने तथा अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार टीईटी उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी की जानी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इससे पदोन्नति के पात्र शिक्षकों में असमंजस और निराशा की स्थिति बनी हुई है।
संघ ने मांग की है कि विभाग द्वारा लंबित अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल जारी की जाए तथा पदोन्नति के लिए डीपीसी की तिथि, पदोन्नति आदेश जारी करने की तिथि और काउंसलिंग की तिथि स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए। इसके साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया में वर्तमान में रिक्त सभी पात्र पदों को शामिल करने की भी मांग की गई है।
संघ का कहना है कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को शासन के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से लाभ मिलना चाहिए। प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि संघ ने विभाग के समक्ष अपनी मांगें स्पष्ट रूप से रख दी हैं। यदि जल्द ही अंतिम वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई तो संघ आगामी दिनों में शिक्षकों के हित में अपनी अगली रणनीति तय करेगा।
वहीं मानव जायसवाल, सामान्य सहायक शिक्षक, ने भी पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि टीईटी उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए लंबित वरिष्ठता सूची और पदोन्नति संबंधी आदेश जल्द जारी किए जाएं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











