

महिला पुलिसकर्मियों के लिए पहली बार ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
अंबिकापुर, 23 अगस्त 2026। महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर सरगुजा पुलिस के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) सरगुजा एवं लायंस क्लब अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस लाइन अंबिकापुर में ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी किया गया।
कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक झा एवं डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर श्रीमती तृप्ति सिंह राजपूत, सूबेदार श्री गुलशन चंद्रा, सूबेदार श्रीमती पेमिन वर्मा सहित सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों से महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयू प्रकाश सक्सेना ने ब्रेस्ट कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण चिकित्सकीय जानकारी दी तथा महिलाओं की स्क्रीनिंग कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। उन्होंने बीमारी की समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
IMA सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने कहा कि महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने शासकीय दायित्वों के साथ परिवार और समाज के प्रति भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें समय पर स्क्रीनिंग के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में IMA सरगुजा की चिकित्सकीय टीम से डॉ. सुजीत, डॉ. हरप्रीत, डॉ. सुधांशु, डॉ. सुषमा, डॉ. रितेश, डॉ. स्वप्निल एवं डॉ. अखिलेश ने सहभागिता करते हुए स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग प्रदान किया।
वहीं डॉ. श्रीकांत सिंह द्वारा CPR का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यक तकनीकों की जानकारी देने के साथ उसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में आम नागरिकों, विशेषकर इच्छुक महिलाओं के लिए भी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस पहल के माध्यम से पुलिस विभाग की महिला कर्मियों के साथ आम नागरिकों को भी नियमित स्वास्थ्य जांच और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
पुलिस विभाग, चिकित्सा विशेषज्ञों एवं सामाजिक संस्थाओं के इस संयुक्त प्रयास से महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर की समय पर पहचान और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











