

मानव तस्करी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग छात्रा और युवती को दिल्ली ले जाने की कोशिश नाकाम
सरगुजा। जिले के केरजू क्षेत्र से नाबालिग छात्रा एवं एक युवती को दिल्ली में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रायगढ़ से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के सिहारजोर निवासी विद्याभूषण लकड़ा एवं कमोसिनडांड, कापू निवासी देवलाल तिग्गा ने नाबालिग छात्रा और युवती को दिल्ली में अच्छी पगार पर काम दिलाने का झांसा दिया था। आरोपियों के कहने पर दोनों बिना परिजनों को बताए घर से निकल गईं और आरोपियों के साथ दिल्ली जाने के लिए रवाना हुईं।
दोनों के घर से चले जाने के बाद परिजनों द्वारा उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान परिजनों ने नाबालिग छात्रा एवं युवती को दोनों युवकों के साथ रायगढ़ में पकड़ लिया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
नाबालिग छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध मानव तस्करी एवं अपहरण से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों विद्याभूषण लकड़ा एवं देवलाल तिग्गा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का उद्देश्य क्या था और इस प्रकरण में अन्य कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों एवं युवतियों को नौकरी या अन्य किसी प्रकार के प्रलोभन का लालच देकर बाहर ले जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











