

सीतापुर में एक करोड़ की ज्वेलरी उठाईगिरी का खुलासा, 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
500 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में 10 दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन
अंबिकापुर/सीतापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलरी व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 500 CCTV फुटेज का बारीकी से अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदेहियों की पहचान की। मामले में आरोपी के घर से करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। हालांकि, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
ऐसे दिया गया था वारदात को अंजाम
दिनांक 26 जुलाई 2026 को प्रार्थी अरुणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित है। 26 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे वे स्कूटी में ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान के पास स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
500 CCTV फुटेज खंगाले, रूट को किया ट्रेस
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल एवं आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध ज्वेलरी का बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज के माध्यम से आरोपियों के रूट को ट्रेस किया।
आरोपियों का रूट सरगुजा के ग्राम गेरसा से जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार होते हुए झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य संभावित क्षेत्रों तक पहुंचा। पुलिस टीम ने इन सभी संभावित स्थानों के करीब 500 CCTV फुटेज का अवलोकन किया और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
CCTV फुटेज एवं संदिग्धों के हुलिए के आधार पर अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदिग्धों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा एवं नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में की गई।
ओडिशा में 10 दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन
संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा, डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम को आरोपियों की तलाश में जिला गंजाम, ओडिशा रवाना किया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान स्थानीय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था।
सूचना के आधार पर सरगुजा पुलिस की टीम ने थाना सोर्डा एवं थाना आश्का, जिला गंजाम पुलिस के सहयोग से चांटी दास के घर दबिश दी। घर पर ताला लगा हुआ था और संदिग्ध मौके पर नहीं मिला। विधिवत तलाशी लेने पर उसके घर से सीतापुर की घटना में चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए।
46 लाख के आभूषण बरामद
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के घर से:
300.92 ग्राम सोने के आभूषण, कीमत करीब 43 लाख रुपये
1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, कीमत करीब 3 लाख रुपये
कुल करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण विधिवत जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी चांटी दास एवं नागेश्वर राव सहित अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका एवं शेष मशरूका के संबंध में भी जांच की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर से प्रभारी साइबर सेल सउनि अजीत मिश्रा, प्र.आर. भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अशोक यादव, अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पुरी एवं राहुल केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना सीतापुर से थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीज राम पैंकरा, आरक्षक राकेश यादव एवं महेन्द्र नाग शामिल रहे।
थाना मणीपुर से आरक्षक उमाशंकर साहू, कुशकुमार सोनी सहित पुलिस टीम का योगदान रहा।
वहीं, ओडिशा पुलिस की ओर से एसडीओपी आश्का श्री सौरव रंजन प्रधान, थाना प्रभारी/निरीक्षक आश्का सुधीर कुमार, निरीक्षक दीप्ती रंजन बेहरा, प्रधान आरक्षक पंचानन, आरक्षक मनोज कुमार, बरुण कुमार, हेमंत कुमार सहित पुलिस टीम का सराहनीय सहयोग रहा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











