Search
Close this search box.

सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचेगा बहनों का स्नेह, भाजपा महिला मोर्चा जुटा रहा रक्षा सूत्र रक्षाबंधन पर सरगुजा की बहनों की ओर से भेजी जाएंगी वीर जवानों के लिए राखियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीमा पर तैनात सैनिकों तक पहुंचेगा बहनों का स्नेह, भाजपा महिला मोर्चा जुटा रहा रक्षा सूत्र
रक्षाबंधन पर सरगुजा की बहनों की ओर से भेजी जाएंगी वीर जवानों के लिए राखियां
अंबिकापुर। भारतीय सेना के वीर जवानों के प्रति सम्मान और बहनों के स्नेह का संदेश लेकर भाजपा महिला मोर्चा सरगुजा द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए राखियां एवं रक्षा सूत्र भेजे जाएंगे। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी एवं भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन तथा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर रक्षा सूत्र एवं राखियों का संग्रह किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत साईं बाबा कॉलेज प्रबंधन की ओर से भारतीय सेना के जवानों के लिए रक्षा सूत्र भेंट किए गए। महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ रक्षा सूत्र के पैकेट प्राप्त करने पहुंचीं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभांगी बिहाड़े ने कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सैनिक भाई कठिन परिस्थितियों में दिन-रात डटे रहते हैं। उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए रक्षाबंधन से बेहतर अवसर नहीं हो सकता।
शुभांगी बिहाड़े ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और स्नेह का प्रतीक है। हमारे सैनिक भाई हजारों किलोमीटर दूर सीमा पर रहकर देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। इस रक्षाबंधन पर सरगुजा की बहनों की ओर से भेजी जा रही राखियां उनके लिए स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं का संदेश लेकर जाएंगी। उन्होंने वीर जवानों की कुशलता और सुरक्षित रहने की कामना करते हुए कहा कि मां भारती की सेवा में उनका मनोबल सदैव ऊंचा रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का यह अभियान समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्रसेवा और सैनिकों के सम्मान से जोड़ने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक बहनों, सामाजिक संस्थाओं एवं नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित साईं बाबा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव, डॉ. वंदना पांडेय एवं कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें