Search
Close this search box.

हर घर तिरंगा एवं नशामुक्त अभियान के तहत रेवापुर में जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीणों एवं युवाओं ने तिरंगे के सम्मान और नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हर घर तिरंगा एवं नशामुक्त अभियान के तहत रेवापुर में जागरूकता कार्यक्रम
ग्रामीणों एवं युवाओं ने तिरंगे के सम्मान और नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
अंबिकापुर, 11 अगस्त 2026। केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ एवं ‘नशामुक्त अभियान’ के अंतर्गत ग्राम रेवापुर, विकासखंड अंबिकापुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं युवाओं को राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार ब्यूरो के ब्यूरो प्रभारी श्री हिमांशु सोनी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक परिवार से अपने घर पर तिरंगा फहराने तथा युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
श्री सोनी ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त युवा ही सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ग्राम पंचायत रेवापुर के सरपंच श्री सोहन बड़ा ने ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवार, समाज, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवाओं को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता बताई।
प्राथमिक शाला रेवापुर के प्रधानपाठक श्री संतलाल ने नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रायपुर से आए रागिनी लोककला मंच के कलाकारों ने लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को ग्रामीणों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सराहा।
कार्यक्रम में उपसरपंच रूद्रज राम, मीडिया प्रभारी प्रशांत यादव, युवा मोर्चा अध्यक्ष अकील सिंह मरावी, संकुल प्राचार्य नैनी अनिता कुंवर, शिक्षक लव जनक सिंह, संकुल समन्वयक प्रो. सलीम खान, संगीता भगत, मनोजमती बाई, व्याख्याता रीना श्रीवास्तव, शिक्षिका दीपाली सोनी, रेखा एवं सुनील चौहान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों एवं युवाओं ने राष्ट्रध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने, हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें