समाजसेवा, पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ राष्ट्रीय सम्मान से होंगे सम्मानित

बिलासपुर। समाजसेवा, निष्पक्ष पत्रकारिता तथा साहित्य सृजन के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं समाजसेवी सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले ‘अखिल भारतीय प्रतिभा महासम्मेलन एवं पुरस्कार समारोह–2026’ में उन्हें ‘सम्माननीय पुरस्कारार्थी’ के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समारोह 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 3 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। आयोजन समिति द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार यह महासम्मेलन राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकात्मता, समाज जागरण, भारतीय संस्कृति तथा राष्ट्रनिर्माण की भावना को समर्पित है। समारोह में देशभर से चयनित समाजसेवियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान किया जाएगा। साथ ही भारतीय सेना के वीर जवानों के सम्मान, राष्ट्रचिंतन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ को यह सम्मान वर्षों से समाजहित, राष्ट्रहित, जनसरोकारों पर आधारित निर्भीक पत्रकारिता, साहित्य सृजन तथा सामाजिक चेतना के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों का गौरव है, बल्कि बिलासपुर एवं छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व और सम्मान का विषय है।उल्लेखनीय है कि विगत एक दशक से आयोजित यह राष्ट्रीय महासम्मेलन विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित कर उनकी सेवाओं का अभिनंदन करता आ रहा है। इस वर्ष भी देशभर की विशिष्ट प्रतिभाओं के बीच श्री सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ का चयन उनके उत्कृष्ट योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







