विश्व आदिवासी एवं मूलनिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने ली बैठक

बतौली। आगामी 9 अगस्त को बतौली में आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी एवं मूलनिवासी दिवस 2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की उपस्थिति में आज बतौली कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आदिवासी कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं, आवश्यक तैयारियों तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कार्यकर्ताओं से आयोजन को लेकर आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक आदिवासी समाज एवं क्षेत्रवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी एवं मूलनिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, अधिकारों और पहचान को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
बैठक में आगामी 9 अगस्त के कार्यक्रम को सफल, भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपने तथा आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा की गई।
कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता और सहभागिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







