संकुल केंद्र मंगारी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी बच्चों को वितरित की गई एमडीएम थाली
बतौली, सरगुजा। विकासखंड बतौली के संकुल केंद्र मंगारी में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन तथा नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत करने के साथ हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा कार्यसमिति सदस्य हरि गुप्ता, अध्यक्ष दुर्योधन पैंकरा, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता नरेंद्र पैंकरा, ईश्वर यादव, भाजपा महिला मोर्चा की चूड़ामणि दास तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला स्तरीय बैठक में व्यक्त मंशा के अनुरूप विकासखंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में संकुल समन्वयक लव कुमार गुप्ता की पहल पर प्राथमिक स्तर के कक्षा पहली के सभी नवप्रवेशी बच्चों को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए थाली वितरित की गई। साथ ही संकुल अंतर्गत सभी प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने कक्षा दूसरी से पांचवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी अपने सहयोग से थाली उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इस पहल के बाद अब बच्चों को घर से थाली लाने की आवश्यकता नहीं होगी।
कार्यक्रम में संकुल की ओर से माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भी एमडीएम थाली उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, जिस पर मुख्य अतिथि हरि गुप्ता ने इस नवाचार की सराहना करते हुए 21 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार में बच्चों के सर्वांगीण विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से ईमानदारी, समर्पण और नवाचार के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते रहने का आह्वान किया तथा संकुल में लगातार हो रहे नवाचारों की प्रशंसा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि हरि गुप्ता एवं अध्यक्ष दुर्योधन पैंकरा ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







