राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर फिर हादसा: तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर से युवक की मौत, 15 दिनों में दूसरी जानलेवा दुर्घटना
बतौली/सरगुजा। सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र अंतर्गत मंगारी गांव के जुनापारा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार क्रेटा कार की टक्कर से पैदल घर लौट रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, शव को परिजनों को सूचना दिए बिना सीतापुर ले जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
शौच के बाद पैदल घर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे मंगारी के कोलतापारा निवासी अर्जुन बखला (45 वर्ष), पिता पैगा बखला शौच के बाद सड़क किनारे पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार (क्रमांक CG 15 EC 5927) ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन बखला करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का दावा है कि कार चालक टी.के. सिंह (48 वर्ष), निवासी देवगढ़, सीतापुर है, जो मांगुर मछली लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस मृतक का शव दुर्घटनाग्रस्त वाहन से ही सीतापुर ले गई और परिजनों को इसकी पूर्व सूचना नहीं दी गई। इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उधर, मृतक के परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
15 दिनों में दूसरी जानलेवा दुर्घटना
ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर पिछले 15 दिनों में यह दूसरी गंभीर दुर्घटना है। इससे पहले 3 जुलाई 2026 को माझापारा पुलिया के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लक्ष्मीनारायण (48 वर्ष), पिता अनुकसाय, को अज्ञात चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मीनारायण का रायपुर में 14 दिनों तक इलाज चला, लेकिन 17 जुलाई को उनका निधन हो गया। वे भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कंवर समाज के वरिष्ठ सदस्य अनुकसाय के पुत्र थे।
NH-43 पर CCTV लगाने की मांग
लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से सीतापुर से अंबिकापुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे दुर्घटना के बाद फरार होने वाले वाहनों की पहचान करने में आसानी होगी और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







