श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान, लुण्ड्रा में वृहद नागरिक सम्मेलन आयोजित
लुण्ड्रा, 5 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी मंडल लुण्ड्रा द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित जिलास्तरीय स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार को सामुदायिक भवन, लुण्ड्रा में वृहद नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं भाजपा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं स्मरण पखवाड़ा प्रदेश समिति के सदस्य जीतेंद्र वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सांसद चिंतामणि महाराज तथा लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों का अनुसरण करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाजहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में संगठन की विचारधारा एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रमुख, मातृशक्ति समूह, भाजपा एवं उसके विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक, मतदान केंद्र स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, भाजपा सरगुजा प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा, सहप्रभारी सुनील गुप्ता, विनोद हर्ष, ललन प्रताप सिंह, वैभव सिंह, इंदर भगत, मुन्नालाल चौधरी, अनिल निराला उरांव, जन्मजय मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल, संजय गुप्ता, राजू सिंह, संजय जायसवाल, मनोज कंसारी, निश्चल सिंह, विकास पाण्डेय, मधु चौधाहा, चन्द्रिका प्रसाद यादव सहित जिले भर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने वरिष्ठजनों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








