शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व गर्भपात कराने का आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। थाना गांधीनगर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात कराने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 नवंबर 2024 को सुलसुली, थाना त्रिकुण्डा, जिला बलरामपुर निवासी रमेश कुमार रवि उसके किराये के कमरे में आया। आरोप है कि उसने प्रेम और शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। बाद में गर्भ ठहरने पर दवा खिलाकर गर्भपात कराया तथा अब शादी करने और साथ रखने से इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 335/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 89 तथा पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रमेश कुमार रवि (23 वर्ष), पिता जगदीश रवि, निवासी सुलसुली, थाना त्रिकुण्डा, जिला बलरामपुर बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म तथा गर्भ ठहरने पर गर्भपात कराने की घटना स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलीप दुबे, सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर तथा आरक्षक कुंदन पाण्डेय, मदन पैकरा और घनश्याम देवांगन की सक्रिय भूमिका रही।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








