डायल 112 (फेज-2) का अंबिकापुर में शुभारंभ, 12 हाईटेक ERV वाहनों को दिखाई गई हरी झंडी
अंबिकापुर, सरगुजा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना डायल 112 (फेज-2) का शुभारंभ आज रक्षित केंद्र अंबिकापुर ग्राउंड में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने जिले के लिए तैनात 12 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल्स (ERV) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपमा सिंह, पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में डायल 112 सेवा 04 सितंबर 2018 से प्रारंभ होकर पहले 16 जिलों में संचालित की जा रही थी। अब डायल-112 फेज-2 (नेक्स्ट जनरेशन) के तहत इसका विस्तार प्रदेश के सभी 33 जिलों में किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में कुल 400 अत्याधुनिक ERV वाहन तैनात किए जा रहे हैं।
इन हाईटेक वाहनों में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) एवं स्मार्ट मोबाइल जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिससे घटनास्थल पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। साथ ही प्रदेश में संचालित 60 हाईवे पेट्रोल वाहनों को भी इस प्रणाली से एकीकृत किया गया है।
डायल 112 के माध्यम से अब नागरिकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर पुलिस सहायता, अग्निशमन सेवा, महिला हेल्पलाइन, एम्बुलेंस, चाइल्ड हेल्पलाइन, नेशनल हाईवे सहायता, प्राकृतिक आपदा एवं रेल मदद जैसी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होंगी।
पूरे सिस्टम के संचालन के लिए अत्याधुनिक Primary Centralized Command and Control Centre (C4) स्थापित किया गया है, जबकि सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने हेतु पुलिस मुख्यालय रायपुर में Secondary Centralized Command and Control Centre भी बनाया गया है, ताकि किसी तकनीकी बाधा की स्थिति में सेवाएं बाधित न हों।
यह परियोजना भारत सरकार की ERSS 2.0 परिकल्पना पर आधारित है। परियोजना में C-DAC सिस्टम इंटीग्रेटर, EMRI GREEN फ्लीट पार्टनर तथा PwC India प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) के रूप में कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








