Search
Close this search box.

अंबिकापुर में भूमाफियाओं का कहर, वृद्ध महिला की 24 डिसमिल के बदले 3.17 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अंबिकापुर में भूमाफियाओं का कहर, वृद्ध महिला की 24 डिसमिल के बदले 3.17 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप

अंबिकापुर, सरगुजा। अंबिकापुर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में भूमाफियाओं के बढ़ते प्रभाव और कथित फर्जी जमीन सौदों का मामला लगातार सामने आ रहा है। इसी कड़ी में ग्राम मिट्टीकला महुआ टिकरा निवासी 68 वर्षीय वृद्ध महिला श्रीमती सावित्री यादव ने पुलिस महानिरीक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं कि उनके साथ धोखाधड़ी कर उनकी पूरी 3.17 एकड़ भूमि का फर्जी विक्रय पत्र निष्पादित करा लिया गया।

शिकायत के अनुसार, आवेदिका श्रीमती सावित्री यादव, पति स्वर्गीय बंधन यादव, निवासी ग्राम मिट्टीकला महुआ टिकरा थाना मणिपुर, तहसील अंबिकापुर की पैतृक भूमि खसरा नंबर 782, 783 एवं 790 रकबा कुल 1.271 हेक्टेयर (लगभग 3.17 एकड़) स्थित है। आवेदिका का कहना है कि उन्होंने केवल 24 डिसमिल भूमि को 3 लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर से कुल 72 लाख रुपये में बेचने की सहमति दी थी।

महिला का आरोप है कि क्रेता पक्ष एवं अन्य लोगों ने आपसी षड्यंत्र कर पूरे 3.17 एकड़ भूमि का विक्रय पत्र 15 मई 2026 को तैयार करा लिया। शिकायत में कहा गया है कि कुल 72 लाख रुपये में से 70 लाख रुपये बैंक खाते में जमा कराए गए तथा 2 लाख रुपये नगद दिए गए, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सौदा केवल 24 डिसमिल भूमि का ही था।

आवेदिका ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पूरी जमीन की बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक है, ऐसे में मात्र 72 लाख रुपये में पूरी जमीन बेचने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि महिला होने एवं विश्वास का अनुचित लाभ उठाकर उनके साथ छल और धोखाधड़ी की गई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हल्का पटवारी से केवल 24 डिसमिल भूमि विक्रय के लिए नक्शा एवं चौहद्दी प्राप्त की गई थी, लेकिन आरोपियों ने राजस्व दस्तावेजों एवं विक्रय पत्र में कथित कूट रचना कर संपूर्ण भूमि का पंजीयन करा लिया।

महिला को पूरे मामले की जानकारी 16 मई 2026 को हल्का पटवारी से मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर विक्रय पत्र के आधार पर हुए नामांतरण को निरस्त करने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले ने एक बार फिर अंबिकापुर क्षेत्र में सक्रिय भूमाफियाओं और जमीन संबंधी फर्जीवाड़ों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य ग्रामीण या बुजुर्ग व्यक्ति के साथ ऐसी घटना न हो।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें