




मुख्यमंत्री ने बतौली तहसील में भ्रष्टाचार के आरोपों पर लिया संज्ञान, जांच के निर्देश


अंबिकापुर/रायपुर, 06 मई 2026 तहसील कार्यालय बतौली (जिला सरगुजा) में पदस्थ वाचक-2 श्री संजय पैंकरा के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार, अनुचित व्यवहार एवं कार्यालयीन अव्यवस्थाओं के गंभीर आरोपों पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संज्ञान लिया है।
पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बतौली, श्री बूधे राम बड़ा द्वारा प्रस्तुत शिकायत में तहसील कार्यालय में पद के दुरुपयोग, न्यायालयीन कार्यों में अवैध वसूली, ऑनलाइन रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी, नकल शाखा की अव्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे गंभीर मुद्दे उठाए गए थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आवेदन दिनांक 06/05/2026 को सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से जिला कलेक्टर, सरगुजा को जांच एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु अग्रेषित कर दिया गया है। संबंधित आवेदन को जनदर्शन पोर्टल पर पंजीकृत किया गया है, जिसका टोकन क्रमांक 2500726011755 है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्देश दिए हैं कि—
शिकायत में उल्लिखित सभी बिंदुओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की जाए।
तहसील कार्यालय में लंबित प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए।
नकल शाखा की व्यवस्था एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में सुधार लाया जाए।
कार्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता आम जनता को पारदर्शी एवं सुगम प्रशासन उपलब्ध कराना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









