Search
Close this search box.

ग्राम सिलमा में अचानक उतरा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, खाट पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्राम सिलमा में अचानक उतरा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर, खाट पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
बतौली /सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत सिलमा (शांतिपारा) पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांव में अचानक उतरने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया।
मुख्यमंत्री ने जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। वे खाट पर बैठकर आमजन के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही की जाए।
जन चौपाल में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बूढ़े राम बारा ने बतौली तहसील में पदस्थ एक बाबू की कार्यशैली को लेकर ज्ञापन सौंपा। वहीं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पूर्व चालक ने नियमितीकरण एवं लंबित भुगतान की मांग रखी।
इसके अतिरिक्त स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने यह मुद्दा भी उठाया कि कई अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय में निवास नहीं करते तथा समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते, जिससे आमजन को परेशानी होती है। हाउसिंग बोर्ड के आवंटित आवासों में निवास नहीं करने की शिकायत भी सामने आई, जिस पर आमजन में नाराजगी देखी गई।
विभिन्न समाजों द्वारा भूमि आवंटन एवं निर्माण कार्यों की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। साथ ही ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने सभी मांगों और शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
हालांकि, जन चौपाल में यह भी स्पष्ट रूप से सामने आया कि जहां छोटी समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है, वहीं गंभीर मामलों—विशेषकर अधिकारियों की लापरवाही से जुड़े मुद्दों—पर ठोस कार्यवाही की अपेक्षा बनी हुई है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें