Search
Close this search box.

सुशासन तिहार के तीसरे दिन मुख्यमंत्री का बतौली दौरा, शांति पारा में पहुंचे, शाला समिति ने सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुशासन तिहार के तीसरे दिन मुख्यमंत्री का बतौली दौरा, शांति पारा में पहुंचे, शाला समिति ने सौंपा ज्ञापन

बतौली / सुशासन तिहार के तीसरे दिन विष्णु देव साय आज सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिलमा पहुंचे। इस दौरान उनका काफिला अचानक शांति पारा, बतौली स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी पहुंचा, जहां शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने यू-डाइस कोड पृथक्करण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

समिति द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में यू-डाइस कोड 22020200112 के अंतर्गत ही शासकीय हिन्दी माध्यम विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय दोनों संचालित हो रहे हैं। अंग्रेजी माध्यम विद्यालय को पृथक संस्था के रूप में स्थापित नहीं किए जाने से हिन्दी माध्यम विद्यालय के अस्तित्व एवं विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इस विषय पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में दायर जनहित याचिका (पीआईएल) क्रमांक 92/2020 पर दिनांक 06 जुलाई 2023 को आदेश पारित किया गया था, जिसमें हिन्दी माध्यम विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके बावजूद वर्तमान व्यवस्था के चलते हिन्दी माध्यम विद्यालय को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें—

शाला अनुदान राशि का वर्षों से प्राप्त न होना

शिक्षकीय स्टाफ की कमी

प्राचार्य पद का समाप्त होना

शैक्षणिक एवं प्रशासनिक जानकारी प्रस्तुत करने में भ्रम

समिति ने बताया कि वर्ष 1966 से संचालित यह विद्यालय क्षेत्र का एक गौरवशाली शिक्षण संस्थान रहा है, जहां छात्र संख्या लगातार 700 से अधिक रही है, किंतु वर्तमान परिस्थितियों के कारण विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।

अतः शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय को पृथक यू-डाइस कोड प्रदान किया जाए, ताकि हिन्दी माध्यम विद्यालय स्वतंत्र रूप से सुचारू संचालन कर सके और शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके।

समिति ने विश्वास जताया कि शासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कार्यवाही करेगा।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें