Search
Close this search box.

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बतौली तहसील में भ्रष्टाचार व अव्यवस्था को लेकर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से की शिकायत

बतौली / सरगुजा जिले के बतौली तहसील कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अनुचित व्यवहार और अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बूधे राम बड़ा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखित शिकायत प्रेषित की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलमा निवासी बूधे राम बड़ा ने अपने शिकायत पत्र में तहसील कार्यालय में पदस्थ वाचक-2 श्री संजय पैंकरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा पद का दुरुपयोग करते हुए न्यायालयीन कार्यों जैसे नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के मामलों में अवैध रूप से राशि की मांग की जाती है तथा पक्षकारों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि तहसील के ऑनलाइन पोर्टल में प्रकरणों की वास्तविक स्थिति प्रदर्शित नहीं की जा रही है। जहां पोर्टल पर प्रकरणों की संख्या नगण्य दिखाई जाती है, वहीं वास्तविकता में प्रतिदिन 15 से 20 मामलों की सुनवाई हो रही है, जिससे शासन की पारदर्शी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

इसके अलावा, कार्यालय में कर्मचारियों की अनुपस्थिति, नकल शाखा में अव्यवस्था और ‘नकल टिकट’ के नाम पर लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर भी गंभीर चिंता जताते हुए शिकायतकर्ता ने बताया कि तहसील परिसर में सार्वजनिक शौचालय की हालत अत्यंत खराब है। सेफ्टी टैंक खुला होने और पाइपलाइन चोक होने के कारण परिसर में दुर्गंध फैली रहती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व जनपद उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए तथा उन्हें तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, ऑनलाइन पोर्टल में सभी प्रकरणों की पारदर्शी प्रविष्टि सुनिश्चित करने एवं तहसील कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार हेतु जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की भी मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता का प्रशासन पर से विश्वास उठ सकता है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें