




केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली की खबर भ्रामक, सीएससी संचालक ने लगाए आरोप निराधार


बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवपुर मानपुर टेढ़गा में केवाईसी अपडेट के नाम पर महिलाओं से 50-50 रुपये की अवैध वसूली किए जाने संबंधी प्रसारित खबरों को लेकर संबंधित सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक परदेसी राम द्वारा स्पष्टीकरण जारी किया गया है।
सीएससी संचालक ने स्पष्ट किया है कि उनके द्वारा किसी भी प्रकार की जबरन वसूली नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि केवाईसी से जुड़ी कुछ सेवाएं शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निःशुल्क होती हैं, वहीं कुछ सेवाओं पर शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम सेवा शुल्क लिया जाता है। यदि किसी उपभोक्ता से शुल्क लिया भी गया है, तो वह पूरी तरह वैध और नियमानुसार है, न कि अवैध वसूली।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को बिना जानकारी दिए पैसे लेने या सुविधा से वंचित करने जैसी बातें पूरी तरह असत्य और बेबुनियाद हैं। सीएससी केंद्र पर सभी सेवाएं पारदर्शिता के साथ संचालित की जाती हैं और प्रत्येक हितग्राही को सेवा शुल्क की जानकारी दी जाती है।
संचालक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से इस प्रकार की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में अनावश्यक भ्रम और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए, ताकि झूठी और भ्रामक खबर फैलाने वालों पर उचित कार्रवाई हो सके।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











