




जयपुर में आयोजित 15वें ग्रेट इंडियन इंटरनेशनल ट्रैवल बाजार 2026 में छत्तीसगढ़ को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ उभरता पर्यटन गंतव्य’ का सम्मान


अम्बिकापुर 28 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने पर्यटन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई है। जयपुर, राजस्थान में 27 अप्रैल 2026 को आयोजित 15वें ग्रेट इंडियन इंटरनेशनल ट्रैवल बाजार (GITB) में छत्तीसगढ़ को प्रतिष्ठित ‘सर्वश्रेष्ठ उभरता पर्यटन गंतव्य’ (Best Emerging Destination Award) से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे योजनाबद्ध विकास, नवाचार और प्रभावी प्रचार-प्रसार का प्रत्यक्ष परिणाम है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए राज्य सरकार सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन स्थलों का विकास करना नहीं, बल्कि एक समग्र और सतत पर्यटन मॉडल विकसित करना है, जिसमें स्थानीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और समुदाय आधारित विकास को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और स्थानीय समुदायों की सहभागिता को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से पर्यटन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विज़न का परिणाम बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास के एक मजबूत माध्यम के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने के साथ ही छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने कहा कि जीआईटीबी जैसे अंतर्राष्ट्रीय मंच पर यह सम्मान मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है और इससे पर्यटन क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा।
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने जयपुर में यह पुरस्कार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और गोवा के पर्यटन विभागों द्वारा छत्तीसगढ़ के साथ सहयोग और एमओयू में रुचि दिखाई गई है, जो भविष्य में पर्यटन विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
उल्लेखनीय है कि 26 से 28 अप्रैल तक आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन आयोजन में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, राजस्थान सरकार और फेडरेशन ऑफ इंडियन चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स (FICCI) के संयुक्त तत्वावधान में देश-विदेश के पर्यटन विशेषज्ञों, टूर ऑपरेटर्स और निवेशकों ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड द्वारा स्थापित आकर्षक पवेलियन ने अपनी थीम आधारित प्रस्तुति, पारंपरिक स्थापत्य शैली और हरित सज्जा के माध्यम से विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर सभी का ध्यान खींचा।
इस दौरान देश और विदेश के टूर ऑपरेटर्स ने छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं में विशेष रुचि दिखाई तथा कई प्रतिनिधियों ने पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ भेजने की इच्छा भी व्यक्त की। विभिन्न राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के बावजूद छत्तीसगढ़ की सशक्त प्रस्तुति और रणनीतिक भागीदारी ने विशिष्ट पहचान दिलाई।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











