Search
Close this search box.

स्कूल में शिक्षक नदारद, बच्चे यात्री प्रतीक्षालय में पढ़ने को मजबूर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्कूल में शिक्षक नदारद, बच्चे यात्री प्रतीक्षालय में पढ़ने को मजबूर
बतौली / सरगुजा जिले के अंतर्गत विकासखंड बतौली के ग्राम पंचायत मांजा से शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल में शिक्षक के नदारद रहने के कारण स्कूली बच्चे यात्री प्रतीक्षालय में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 10:00 बजे कुछ स्कूली बच्चे गांव के यात्री प्रतीक्षालय में बैठकर पढ़ाई करते हुए नजर आए। जब बच्चों से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि स्कूल में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं है। साथ ही, कुछ बच्चों ने यह भी बताया कि स्कूल में अन्य बच्चों द्वारा मारपीट की जाती है, जिससे बचने के लिए वे यहां आकर पढ़ाई कर रहे हैं।
बच्चों ने यह भी बताया कि अभी तक मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) तैयार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि भोजन बनने के बाद वे खाना खाकर अपने घर चले जाएंगे। यह स्थिति न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और उनके भविष्य को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है।
जब इस संबंध में स्कूल पहुंचकर जिम्मेदार अधिकारियों या स्टाफ से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो मौके पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति उपस्थित नहीं मिला।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने इस मामले में तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही स्कूल में नियमित शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और बच्चों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें