




बतौली में चंदन-हल्दी की खुशबू के साथ अनोखा होली मिलन समारोह आयोजित


बतौली। होली के पावन अवसर पर बतौली विकास मंच द्वारा चंदन और हल्दी की सुगंध के साथ एक अनोखे होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बतौली विकास मंच के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता के निवास पर आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के वरिष्ठजन एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठजन श्री चंद्रमा प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत में मंच के पदाधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों और ग्रामीणों का हल्दी और चंदन का टीका लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान बतौली की बेटी लीजा पाल (पिता – महेंद्र पाल, निवासी शांतिपारा) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। लीजा ने हाल ही में सिविल जज परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मंच के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
होली मिलन समारोह में एक अनोखी पहल के तहत “होली के रसगुल्ले” परोसे गए, जिनमें प्रत्येक रसगुल्ले के साथ दो-दो हास्य चुटकुले लिखे हुए थे। इससे पूरे कार्यक्रम में हंसी-मजाक और उल्लास का माहौल बना रहा। इसके बाद उपस्थित लोगों द्वारा पद्य काव्य, हास्य-रस से भरपूर कविताएं और काव्य पाठ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया गया।
बतौली विकास मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि मंच का उद्देश्य क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने के साथ-साथ बच्चों में संस्कार, नैतिकता तथा बड़ों के प्रति आदर और सम्मान की भावना विकसित करना है। साथ ही धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और संगठन के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान आगामी धार्मिक एवं सामाजिक त्योहारों पर इसी प्रकार के मिलन समारोह आयोजित करने तथा रामनवमी को भव्य रूप से मनाने पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर बतौली विकास मंच के पदाधिकारी, वरिष्ठ ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











