Search
Close this search box.

जोन स्तरीय बाल शोध मेला का सफल आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जोन स्तरीय बाल शोध मेला का सफल आयोजन

बतौली  /  10 मार्च 2026 — संकुल केंद्र बिरीमकेला, महेशपुर, बटईकेला एवं सरमना के संयुक्त तत्वावधान में तथा अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आज जोन स्तरीय बाल शोध मेला का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन में विभिन्न संकुलों के संकुल शैक्षिक समन्वयक, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक/पाठिकाएँ, शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।

बाल शोध मेले में चारों संकुल केंद्रों के माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा पाठ्यपुस्तक आधारित विभिन्न विषयों से जुड़े मॉडल, पोस्टर प्रदर्शनी तथा विषयगत गतिविधियों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। सामाजिक विज्ञान, हिंदी, विज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यों का संकलन भी प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने अलग-अलग विषयों से संबंधित जानकारी, समाचार और अध्ययन सामग्री को विभिन्न कॉर्नर के माध्यम से रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर बच्चों और शिक्षकों को प्रयोग आधारित सीखने की विधियों के माध्यम से नवाचार करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के अकादमिक प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री शरदचंद्र मेषपाल, बीआरसीसी श्री महेश ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती प्रीति उदय यादव, ग्राम पंचायत बिरीमकेला के सरपंच श्री सोमेश्वर सिंह, उप सरपंच श्री सुनील कुमार, संकुल प्राचार्य श्रीमती एस.पी. बुनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बाल शोध मेले का अवलोकन किया। उन्होंने ऐसे आयोजन समय-समय पर करने तथा बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और गतिविधि आधारित बनाने पर जोर दिया।

इस आयोजन में चारों संकुलों से कुल 125 विद्यार्थियों तथा विभिन्न विद्यालयों के 20 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में संकुल शैक्षिक समन्वयक प्रशांत गुप्ता, अनिल पैकरा, मनोज गुप्ता, ओमप्रताप तथा अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की टीम का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार के नवाचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें