कपाट बहरी में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ राष्ट्रीय विज्ञान दिवस एवं विज्ञान मेला
बतौली | राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर 28 फरवरी को संकुल केंद्र मंगारी अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कपाट बहरी में विज्ञान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध वैज्ञानिक प्रयोगों, मॉडल एवं कार्यशील प्रोजेक्ट्स के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कक्षा आठवीं के विद्यार्थी करीना कोरबा एवं अविनाश कोरबा ने सूक्ष्मदर्शी यंत्र के माध्यम से सूक्ष्मजीवों एवं कोशिकाओं का अध्ययन कराकर सभी को वैज्ञानिक अवलोकन की जानकारी दी। कक्षा सातवीं की छात्राएँ अनन्या एवं शलेशमा तिग्गा ने विज्ञान किट के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक उपकरणों की जानकारी दी।
राज्य स्तर पर स्पीड रीडिंग में स्थान प्राप्त करने वाली पूजा कोरबा ने अम्ल एवं क्षार परीक्षण का प्रदर्शन कर इसकी अवधारणा को सरल रूप में समझाया। कक्षा आठवीं के छात्र तुलेश्वर ने विद्युत चालकता का मॉडल प्रस्तुत कर सुचालक एवं कुचालक पदार्थों की पहचान कराई। कक्षा छठवीं की छात्राएँ रितु एक्का एवं वर्षा यादव ने पदार्थों के पृथक्करण की विभिन्न विधियों का प्रदर्शन किया।
कक्षा छठवीं के छात्र गणेश एवं केश्वर ने चुंबक आधारित प्रयोगों का रोचक प्रदर्शन किया। आरती ने मापन से संबंधित प्रयोग प्रस्तुत किए, वहीं कक्षा आठवीं की छात्रा स्नेहा ने प्रकाश एवं प्रतिबिंब पर आधारित मॉडल के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणा को स्पष्ट किया। राधिका ने वैज्ञानिकों एवं उनकी उपलब्धियों पर आधारित स्टाल लगाकर ज्ञानवर्धन किया।
विशेष रूप से कक्षा आठवीं के छात्र पुनीत एक्का द्वारा प्रस्तुत श्वसन तंत्र का कार्यशील मॉडल अत्यंत सराहनीय रहा, जिसके लिए मंगारी के सीएसी श्री लव कुमार गुप्ता द्वारा उन्हें पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में माध्यमिक शाला कपाट बहरी की एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा केरकेट्टा, अन्य जनप्रतिनिधि, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के चंद्रभान, अविनाश एवं संजय का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विज्ञान शिक्षिका जमुना नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रधान पाठक राम कुमारी दीवान, शिक्षकगण सुनील कुमार राइस, ख्रीस्त मंजुला तिर्की, वीरेंद्र भगत, मरियम बड़ा, सुमित्रा जी, नरेशिन जी, रूपा जी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








