Search
Close this search box.

होमस्टे पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ऑनलाइन बैठक आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

होमस्टे पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ऑनलाइन बैठक आयोजित

रायपुर / छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य की अध्यक्षता में राज्य की होमस्टे पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सरगुजा एवं बस्तर संभाग के होमस्टे ओनर्स, पर्यटन से जुड़े स्टेकहोल्डर्स तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान होमस्टे पॉलिसी के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें पात्रता मापदंड, आवश्यक दस्तावेज, पंजीयन प्रक्रिया, चरणबद्ध सब्सिडी प्रणाली तथा वित्तीय सहायता एवं ऋण सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष श्री विनोद अरोड़ा ने होमस्टे संचालकों को उपलब्ध ऋण योजनाओं, आसान बैंकिंग प्रक्रियाओं एवं वित्तीय सहयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की, जिससे ग्रामीण पर्यटन को आर्थिक मजबूती मिल सके।

बैठक में 10 से 12 होमस्टे के क्लस्टर आधारित विकास मॉडल पर विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता, स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर, तथा स्थानीय पर्यटन गतिविधियों जैसे लोक संस्कृति, खान-पान, हस्तशिल्प एवं प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाओं पर चर्चा की गई।

प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि होमस्टे पॉलिसी का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में पर्यटन को सशक्त बनाना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना तथा पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जीवनशैली से जोड़ना है। उन्होंने होमस्टे संचालकों से पॉलिसी का अधिकतम लाभ उठाने और गुणवत्ता आधारित सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।

बैठक को प्रतिभागियों द्वारा उपयोगी और मार्गदर्शक बताया गया तथा भविष्य में ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की गई।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें