Search
Close this search box.

स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत ग्राम जयनगर में एक दिवसीय समेकित लोक संपर्क कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत ग्राम जयनगर में एक दिवसीय समेकित लोक संपर्क कार्यक्रम आयोजित

सूरजपुर। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीनस्थ केंद्रीय संचार ब्यूरो, अंबिकापुर द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत एक दिवसीय समेकित लोक संपर्क कार्यक्रम का आयोजन ग्राम जयनगर, विकासखंड विश्रामपुर, जिला सूरजपुर में किया गया।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक श्री उदय राज, शिक्षकगण ममता मंडल, रंजीता शांडिल्य, वीरेंद्र सिंह, सोमा घोष, आशीष पांडे, विवेक चंद्र वंशी, नेल्सन बेग, सुमित्रा गुप्ता, नरेश साहू, अनुराधा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के कार्यालय प्रभारी श्री हिमांशु सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा 16 जनवरी से 31 जनवरी तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत देशभर में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से न केवल लोगों के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिली है।

उन्होंने जनमानस से आह्वान किया कि एक स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाए और अपने घर, सड़क एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान पाठक श्री शिव उदय राज ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के प्रारंभ से पूर्व गांवों में विशेषकर महिलाओं को अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अभियान प्रारंभ किए जाने के बाद घर-घर पक्के शौचालयों का निर्माण हुआ, जिससे महिलाओं सहित पूरे परिवार की समस्याओं का समाधान हुआ।

इसी क्रम में प्रधान पाठिका ने कार्यक्रम को जनहितकारी, कल्याणकारी एवं शिक्षाप्रद बताते हुए कहा कि अब पूरा गांव मिलकर निजी एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देगा, ताकि स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य पूर्ण हो सके।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत अभियान से संबंधित प्रश्नमंच एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही भव्य जन-जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा “एक पेड़ मां के नाम” पहल के अंतर्गत पौध वितरण किया गया।

कार्यक्रम में रायपुर से आए रागिनी लोक मंच के कलाकारों द्वारा गीत-नाटक दल के माध्यम से स्वच्छता विषय पर आधारित गीतों एवं नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुति दी गई। साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें