सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई
08 वाहन जप्त, अपराध दर्ज – आगे की कार्रवाई जारी
अंबिकापुर / सरगुजा पुलिस को दिनांक 23 जनवरी 2026 को लगभग 16:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि शहर के मुख्य चौक-चौराहों एवं मार्गों पर कुछ अज्ञात युवक स्कॉर्पियो, इनोवा एवं अन्य चारपहिया वाहनों की खिड़कियों से बाहर निकलकर बैठते हुए खतरनाक स्टंटबाजी कर रहे हैं। उक्त वाहन चालक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर स्वयं तथा आम नागरिकों के जीवन को गंभीर खतरे में डाल रहे थे।
मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज, श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा संबंधित पुलिस टीम को तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के परिपालन में थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पुलिस बल रवाना किया गया। जांच के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें विभिन्न वाहन क्रमांक
CG/29AC/1487, CG/15/CZ/4967, CG/1E/A/5881, CG/15/EB/4743, CG/15/EF/9972, JH/01/BK/3109, CG/15/EH/5881, CG/15/EG/3141, CG/15/EJ/3345, BR/06/DC/7751, CG/15/EH/2824, UP/67/K/4546, CG/15/CZ/4868 सहित अन्य वाहनों के चालकों द्वारा उक्त कृत्य किया जाना पाया गया।
प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 47/26 अंतर्गत
धारा 125, 281, 285, 3(5) बी.एन.एस. एवं धारा 184 मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित 08 चारपहिया वाहनों को जप्त किया गया—
इनोवा – CG15EH2824
इनोवा – UP81BY7272
इनोवा – UP65DT5162
स्कॉर्पियो – CG15CV2248
स्कॉर्पियो – CG15DC6274
स्कॉर्पियो – JH01CD5513
स्कॉर्पियो – CG29A4508
अर्टिगा – CG15EF9972
उक्त वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। अन्य संलिप्त वाहनों एवं चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अग्रिम जांच विवेचना जारी है।
सरगुजा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि—
• अभिभावक अपने बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें।
• यातायात नियमों के पालन के प्रति बच्चों को जागरूक करें।
• सड़क पर रील बनाने, प्रदर्शन हेतु स्टंट करने या लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सरगुजा पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
• ऐसे मामलों में वाहन जप्त कर, अपराध पंजीबद्ध करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








