थाना गांधीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट धारक आरोपी गिरफ्तार
अम्बिकापुर/सरगुजा। साइबर ठगी के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस द्वारा बड़ी सफलता प्राप्त की गई है। साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट के खाता धारक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (I4C) द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के आधार पर फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पीओएस एवं म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दस्तावेजों के अवलोकन पर एक म्यूल अकाउंट से संबंधित बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर के धारक अमरेन्द्र सिंह पिता अभय राज सिंह, निवासी वार्ड क्रमांक 27, गुरुनानक वार्ड, महाराजा गली, अम्बिकापुर, जिला सरगुजा का होना पाया गया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा अपने सिम एवं बैंक खाते का षड्यंत्रपूर्वक उपयोग करते हुए चोरी/छल/साइबर अपराध से संबंधित ₹2,06,786/- (दो लाख छह हजार सात सौ छियासी रुपये) की राशि धोखाधड़ी के माध्यम से प्राप्त की गई, जिसे आगे अन्य खातों में ट्रांसफर कराया गया।
उक्त कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318(4) बी.एन.एस. एवं 66-डी आई.टी. एक्ट के अंतर्गत दंडनीय अपराध पाए जाने पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 34/26 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी अमरेन्द्र सिंह को तलब कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध कारित करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से बैंक खाता पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं 01 नग मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
थाना गांधीनगर पुलिस द्वारा साइबर ठगी के मामलों में उपयोग किए जा रहे म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, घनश्याम देवांगन, वीरेंद्र पैकरा, अशोक यादव एवं अमनपुरी की सराहनीय भूमिका रही।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








