सरस्वती साइकिल योजना के तहत 168 छात्राओं को मिली साइकिल
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया वितरण, शिक्षा को बताया सरकार की प्राथमिकता
सीतापुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर में आज सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात विधायक श्री टोप्पो ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। जिन छात्राओं को पूर्व में घर से विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, अब उन्हें राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि बेटियों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। विद्यालय की दूरी के कारण कई छात्राएं अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़ देती थीं, इस समस्या के समाधान के लिए यह योजना अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। बेटियों को समान अधिकार और बेहतर शिक्षा देकर ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियाँ हर क्षेत्र में समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
श्री टोप्पो ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में SSSVR (सरल, सहज, सुगम, विकास और परिणाम) के सिद्धांत पर कार्य किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने शासकीय कन्या हाई स्कूल सीतापुर में 10 लाख रुपये की लागत से पेपर ब्लॉक पथ निर्माण की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान कुल 168 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








