

सीएचसी बतौली में गर्भवती महिलाओं का विशेष जांच शिविर, 47 उच्च जोखिम वाली गर्भवती चिन्हित
बतौली | 9 जनवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बतौली में 9 जनवरी को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु एक विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सक डॉ. संस्कृति गुप्ता द्वारा सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक कुल 135 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच उपरांत महिलाओं को विटामिन, आयरन सहित आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं।
जांच के दौरान 47 गर्भवती महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था की श्रेणी में चिन्हित किया गया। इन महिलाओं को आगे की जांच हेतु सोनोग्राफी, अल्ट्रासाउंड एवं अन्य आवश्यक परीक्षणों के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर करने की सलाह दी गई।
डॉ. संस्कृति गुप्ता ने बताया कि जांच के लिए आने वाली अधिकांश महिलाएं आदिवासी, पहाड़ कोरवा एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से हैं, जो आर्थिक तंगी और संसाधनों के अभाव में जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों तक नहीं पहुंच पातीं। ऐसे में सीएचसी बतौली उनके लिए प्राथमिक और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।
सीमित संसाधनों के बावजूद सीएचसी में बेहतर उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव लगातार चुनौती बना हुआ है। अस्पताल में सोनोग्राफी और अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ईसीजी मशीन मौजूद होने के बावजूद वह खराब स्थिति में है, जिससे मरीजों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उल्लेखनीय है कि सीएचसी बतौली में महिला चिकित्सक के रूप में डॉ. संस्कृति गुप्ता ही एकमात्र पदस्थ हैं। कई चिकित्सकों की पदस्थापना कागजों में दर्शाई जाती है, परंतु इसका वास्तविक लाभ मरीजों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसके बावजूद सीएचसी बतौली क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बना हुआ है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










