Search
Close this search box.

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की पाँचवीं समीक्षा बैठक सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की पाँचवीं समीक्षा बैठक सम्पन्न

अंबिकापुर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव की अध्यक्षता में पाँचवीं समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में SIR को लेकर नियुक्त प्रभारियों के साथ कांग्रेस के सभी सांगठनिक ब्लॉक अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक दल विशेष द्वारा हाल ही में पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस के 50 मत कटवाने एवं अपने 50 अतिरिक्त मत जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इस कार्य में संलग्न अधिकारियों को भी इस संबंध में अनौपचारिक निर्देश प्राप्त हो सकते हैं, जिस पर सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने सभी बूथ लेवल एजेंट (BLA) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने बूथों पर बीएलओ से समन्वय स्थापित कर दैनिक आधार पर मतदाता सूचियों में होने वाले परिवर्तनों का अवलोकन करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल जिला संगठन को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

श्री सिंहदेव ने जिला संगठन, ब्लॉक एवं मंडल कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को तत्काल अपने-अपने बूथों पर बीएलए के साथ नियुक्त होकर कार्य संभालने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में नवगठित 94 बूथों पर तत्काल बीएलए नियुक्त करने के भी निर्देश जारी किए।

मसौदा मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम विलोपित होने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण के दौरान प्रशासन द्वारा 99 प्रतिशत प्रपत्र वितरित किए जाने का दावा किया गया था, किंतु मसौदा सूची जारी होने पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम अनुपस्थित एवं अनमैप्ड श्रेणी में विलोपित पाए गए, जो संपूर्ण प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री श्री अमरजीत भगत ने कहा कि दावा-आपत्ति की अंतिम 15 दिवसीय अवधि में कांग्रेस के सभी बीएलए एवं संबंधित बूथ के कार्यकर्ता आम मतदाताओं के हित में पूरी सजगता एवं सतर्कता के साथ कार्य करें।

बैठक के संयोजन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को आगामी दो दिनों के भीतर बूथ स्तर पर कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्ति कर उनकी सूची जिला संगठन को भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में अंबिकापुर विधानसभा प्रभारी श्री अजय अग्रवाल एवं लुंड्रा विधानसभा प्रभारी श्री सोमेश्वर सिंह ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, श्री जे.पी. श्रीवास्तव, श्री विक्रमादित्य सिंहदेव, श्री राजीव सिंह, श्री हेमंत सिन्हा, श्री विनय शर्मा, श्री राजनाथ सिंह, श्री बलराम यादव, श्री मो. इस्लाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें