ग्राम पंचायत–कोट के युवाओं ने श्रमदान कर सड़क को बनाया सुरक्षित, सराहनीय पहल
सरगुजा/बतौली। आज दिनांक 27 दिसंबर 2025 को ग्राम पंचायत–कोट के युवाओं द्वारा परसामुड़ा के पास बरसात के कारण मेन रोड पर जमा हुई मिट्टी और बालू की मोटी परत को श्रमदान कर हटाया गया। लंबे समय से इस मार्ग पर फिसलन की स्थिति बनी हुई थी, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं और रोज किसी न किसी वाहन चालक के गिरने की घटनाएं सामने आ रही थीं।
स्थानीय युवाओं ने इस गंभीर समस्या को देखते हुए स्वयं पहल करते हुए सड़क की सफाई का बीड़ा उठाया। इस श्रमदान कार्य में संतोष सिदार, अंकित सिदार, सुशील यादव, संतोष अगरिया, धनी पैंकरा, टेलसाय पोर्ते, ईश्वर, अमरजीत एवं दुबराज पैंकरा सहित अन्य युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सड़क को साफ कर आवागमन को सुरक्षित बनाया।
ग्रामीणों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य न केवल जनहित में है, बल्कि समाज के प्रति युवाओं की जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच को भी दर्शाता है। युवाओं द्वारा किया गया यह श्रमदान अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने युवाओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में सहयोग की अपेक्षा जताई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








