पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने छत्तीसगढ़ के भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा, कहा – माइनिंग के लिए केन्द्रीय भू-अधिग्रहण अधिनियम 2013 के तहत चार गुना मुआवजा नहीं प्रदान कर रही सरकार
अंबिकापुर: पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने अपनी आवासीय परिसर बौरीपारा में पत्रकार वार्ता के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार की माइनिंग नीति और अन्य सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की विष्णु देव सरकार दो वर्षों के अपने कार्यकाल को लेकर प्रदेश में जश्न मनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन जनता के सामने सरकार के प्रति कई गंभीर सवाल हैं।श्री भगत ने कहा कि माइनिंग के लिए केन्द्रीय भू-अधिग्रहण अधिनियम 2013 के अनुसार चार गुना मुआवजा देने का प्रावधान है, जिसे सरकार और कंपनियां लागू करने में विफल रही हैं। इससे ग्रामीण और आदिवासी गरीब जनता विशेष रूप से प्रभावित हो रही है। उन्होंने मैनपाट क्षेत्र में बिना ग्राम सभा की मंजूरी के माइनिंग की तैयारी को भी निंदनीय बताया और चेतावनी दी कि इससे पर्यटन क्षेत्र को गहरा नुकसान पहुंचेगा।उन्होंने कहा कि किसानों को धान खरीदी के लिए आवश्यक पंजीकरण तक नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वन भूमि पट्टा धारियों सहित आदिवासी वर्ग को भी उचित सुविधा नहीं मिल रही है। अमेड़ा माइन्स में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हाल में हुए झड़प और लाठी चार्ज की कड़ी निंदा करते हुए पूर्व मंत्री ने खनन कार्य को बिना ग्रामीणों की सहमति और रोजगार के अस्वीकार्य बताया।प्रकृति और पर्यावरण को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए उन्होंने बताया कि माइनिंग के कारण जंगलों की कटाई से जंगली हाथियों के आवास प्रभावित हो रहे हैं, जिससे जनहानि और फसल क्षति के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित किसानों को लागत से दुगना मुआवजा, मकान खोने वालों को पक्के मकान और जनहानि के मामलों में उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।श्री भगत ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सरकार विफल रही है, बल्कि शराब दुकानों की संख्या बढ़ाकर जनता को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि जब विधायक को आंदोलन में बैठना पड़ता है, तो स्थिति गंभीर होने की निशानी है।उन्होंने भाजपा सरकार से कहा कि जनता के साथ जो अन्याय हो रहा है उसे स्वीकार न करें और शासन-प्रशासन को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।प्रेस वार्ता में दीपक मिश्रा, लक्ष्मी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








