मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (SIR) पर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक
अंबिकापुर / आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन में मतदाता सूचियों के गहन पुनरीक्षण (एस0आई0आर0) को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सहप्रभारी सुश्री जरीता लैतफलांग की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा, विधानसभा एवं ब्लॉक प्रभारी–सहप्रभारी सहित कांग्रेस के सभी सांगठनिक ब्लॉक अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि मतदाता सूची में व्यापक गड़बड़ियां और त्रुटियां साफ दिखाई दे रही हैं, जिनका सुधार आवश्यक है, किंतु सुधार की पूरी जिम्मेदारी मतदाताओं पर थोपना और पूरी प्रक्रिया को आनन–फानन में पूरा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र भरने में मतदाताओं को प्रक्रियागत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, अतः उन्हें इससे राहत दी जाए और पूरी प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय प्रदान किया जाए। श्री सिंहदेव ने सूत्रों के हवाले से यह आशंका भी व्यक्त की कि चिह्नांकित लोगों के नाम मतदाता सूची में न जोड़े जाने की प्रक्रिया अंदर ही अंदर प्रारंभ कर दी गई है और एक विशेष राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं को संरक्षण देकर उन्हें नाम कटवाने के लिए खुली छूट दी जा रही है।प्रदेश कांग्रेस की सहप्रभारी सुश्री जरीता लैतफलांग ने सरगुजा संभाग के दो दिवसीय दौरे के दौरान मिले अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोरिया जिले की ओर रवाना होते समय जिन धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया गया, वहां किसानों ने बताया कि गणना प्रपत्र उनके घरों तक पहुंचे ही नहीं हैं। धान कटाई में व्यस्त रहने के कारण कई किसान संबंधित बीएलओ से संपर्क नहीं कर पाए हैं और एस0आई0आर0 की पूरी प्रक्रिया से अनभिज्ञ हैं। सुश्री लैतफलांग ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि ऐसे सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें और समीक्षा के दौरान क्रमवार सभी प्रभारियों से एस0आई0आर0 पर विस्तृत फीडबैक लिया।सरगुजा के वरिष्ठ नेताओं को बूथवार जिम्मेदारीप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने सरगुजा जिले के सभी प्रमुख कांग्रेस नेताओं को उनके संबंधित बूथों पर एस0आई0आर0 प्रक्रिया की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत:पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव – अम्बिकापुर विधानसभा, बूथ क्रमांक 128पूर्व केबिनेट मंत्री श्री अमरजीत भगत – सीतापुर विधानसभा, बूथ क्रमांक 195श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव – केशवपुर, बूथ क्रमांक 28पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की – बूथ क्रमांक 46श्री अजय अग्रवाल – बूथ क्रमांक 156श्री जे.पी. श्रीवास्तव – बूथ क्रमांक 87श्री शफी अहमद – बूथ क्रमांक 111श्री द्वितेन्द्र मिश्रा – बूथ क्रमांक 95श्री हेमंत सिन्हा – बूथ क्रमांक 89पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम – लुंड्रा विधानसभा, बूथ क्रमांक 95पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता – बूथ क्रमांक 168कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक – अम्बिकापुर विधानसभा, बूथ क्रमांक 119इन सभी नेताओं को अपने-अपने बूथों पर एस0आई0आर0 से संबंधित कार्यों की निगरानी, मतदाताओं की सहायता एवं आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।14 दिसंबर को रामलीला मैदान में “वोट चोर गद्दी छोड़” रैलीबैठक के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने जानकारी दी कि 14 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी “वोट चोर गद्दी छोड़” चरणबद्ध आंदोलन के तहत दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली आयोजित करने जा रही है। इस अभियान के क्रम में पूरे देश के करोड़ों मतदाताओं से हस्ताक्षर कराकर तैयार किए जा रहे मांगपत्र को इस रैली के बाद महामहिम राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। रैली में छत्तीसगढ़ सहित देशभर से कांग्रेसजनों एवं लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्ध नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








