जवाहर नवोदय विद्यालय अंबिकापुर के छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण हेतु आगमन
बतौली, सरगुजा | 09 नवम्बर 2025 आज कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शिवपुर (बतौली) में शैक्षिक वातावरण ज्ञानवर्धक संवाद और सांस्कृतिक सौहार्द से सराबोर रहा। शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय, अंबिकापुर के छात्र-छात्राएँ एवं शिक्षक दल विद्यालय पहुँचे। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक अनुभवों का आदान-प्रदान, शिक्षण पद्धतियों का अवलोकन एवं परस्पर संवाद को प्रोत्साहित करना रहा।
विद्यालय परिवार द्वारा आगंतुक दल का पुष्पगुच्छ प्रदान कर हार्दिक स्वागत किया गया। स्वागत उपरांत अतिथियों को विद्यालय परिसर, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय एवं छात्रावासों का भ्रमण कराया गया। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं संवाद सत्र ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने नाटक, कहानी, नृत्य एवं गीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय, अंबिकापुर के छात्रों ने समूह गीत प्रस्तुत कर वातावरण को मधुर बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद अशोक तिग्गा ने नवोदय विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का शैक्षणिक आदान-प्रदान हेतु आभार व्यक्त किया और इसे ज्ञानवृद्धि व अनुभव साझा करने का उत्कृष्ट अवसर बताया।
इस अवसर पर दोनों संस्थानों के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
एकलव्य विद्यालय की ओर से सुनील सर, अमित सर, बुद्धिप्रकाश सर, अनुज सर, अब्दुल बाकी सर, प्रतीक्षा मैम, सपना मैम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन आशांशु त्रिपाठी सर द्वारा किया गया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








