छत्तीसगढ़ पुलिस ने ब्लैकमेलिंग व सूदखोरी के मामलों में फरार हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर को गिरफ्तार किया
दिनांक 9 नवंबर 2025 रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पुलिस को आज एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में ब्लैकमेलिंग, सूदखोरी, संपत्ति हथियाने, धमकी, मारपीट, हत्या, व दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर को ग्वालियर (मध्यप्रदेश) के विंडसर हिल्स टाउनशिप से गिरफ्तार किया गया। आरोपी पिछले कई महीनों से ग्वालियर में एक किराए के फ्लैट में छिपा हुआ था। सूचना प्राप्त होते ही छत्तीसगढ़ क्राइम ब्रांच व स्थानीय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वीरेंद्र तोमर को शनिवार दोपहर गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम उसे रविवार दोपहर रायपुर लेकर पहुंची है, जहां पुरानी बस्ती थाना में उनसे विस्तृत पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि तोमर बंधुओं के विरुद्ध ब्लैकमेलिंग, मारपीट, धमकी, सूदखोरी, व आर्म्स एक्ट समेत अनेक संगीन मामले रायपुर के विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जिनके आरोप में प्रशासन ने उनकी करोड़ों की संपत्तियों, मकान, लग्जरी वाहन आदि कुर्क किए है।
इस कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी रोहित तोमर फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख़्त कार्रवाई लगातार जारी रखेगी। रायपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि तोमर बंधुओं या उनसे जुड़े व्यक्तियों के अवैध कार्य व ब्लैकमेलिंग संबंधी कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








