ग्राम पापरेंगा में जल जीवन मिशन की टंकी बनी शोपीस — 3 वर्ष बीतने के बाद भी नहीं मिला एक बूंद पानी
सरगुजा, बतौली | 07 नवम्बर 2025 सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पापरेंगा में जल जीवन मिशन के तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा तीन वर्ष पूर्व लाखों रुपये की लागत से पानी की टंकी एवं पाइपलाइन का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के तीन साल बीत जाने के बावजूद आज तक ग्रामवासियों को एक बूंद भी पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह योजना केवल कागजों पर ही संचालित हो रही है। पानी की टंकी जंग खा रही है, पाइपलाइन सूखी पड़ी है, और नलों से पानी की जगह सिर्फ हवा निकलती है। गांव के लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से पूरे कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है।
ग्रामवासियों ने बताया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक नल जल पहुंचाना था, लेकिन पापरेंगा में यह मिशन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। ग्रामीणों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के इंजीनियरों और सरवर पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है, ताकि जिम्मेदार लोगों को संरक्षण न मिले और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो वे धरना-प्रदर्शन कर जिला मुख्यालय तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








