À
तूफान ‘मोथा’ का असर: बतौली क्षेत्र के किसानों की धान फसल पर संकट, मुआवजे की मांग तेज
बतौली (सरगुजा), दिनांक 31 अक्टूबर 2025। तूफान ‘मोथा’ का असर अब छत्तीसगढ़ तक पहुंच चुका है। सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली में बीती रात हुई तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने किसानों की खड़ी धान फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है और कई स्थानों पर फसलें गिरकर सड़ने लगी हैं।ग्रामीण क्षेत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, किसानों की पूरे वर्ष की मेहनत अब पानी में डूबती नजर आ रही है। किसानों का कहना है कि पहले ही अत्यधिक वर्षा से फसलों को नुकसान हुआ था, अब ‘मोथा’ तूफान की बारिश ने बची-कुची फसलें भी चौपट कर दीं।स्थानीय किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और बीमा भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि खेतों में पानी भरा होने के कारण फसल की कटाई संभव नहीं हो पा रही है, और जो किसान किसी तरह फसल काट भी रहे हैं, वे उसे अपने कल्याणों (खलिहानों) तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं।किसानों ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया है कि क्षति का मूल्यांकन शीघ्र किया जाए तथा प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत त्वरित राहत राशि प्रदान की जाए, ताकि वे आगामी रबी फसल की तैयारी कर सकें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








