सरगुजा जिला कांग्रेस अध्यक्ष चयन के लिए रायशुमारी जारी, पर्यवेक्षक दल ने किया तीन ब्लॉकों का दौरा
अंबिकापुर / संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन प्रक्रिया को लेकर नियुक्त पर्यवेक्षक दल ने आज उदयपुर, लुंड्रा एवं धौरपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठक लेकर वन-टू-वन रायशुमारी की।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष श्री राजेश ठाकुर के नेतृत्व में पर्यवेक्षक दल सोमवार को लगातार तीसरे दिन रायशुमारी में व्यस्त रहा। दल ने सुबह उदयपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी से रायशुमारी की शुरुआत की, जो देर रात 8 बजे तक धौरपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में जारी रही।
पर्यवेक्षक दल ने बताया कि 14 अक्टूबर को कार्यक्रम के अंतिम दिन दरिमा, मैनपाट, सीतापुर और बतौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की रायशुमारी की जाएगी। इसके पश्चात् दल जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया के लिए रवाना होगा।
मीडिया जगत से हुई सार्थक चर्चा सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के दौरे से पूर्व पर्यवेक्षक दल ने सर्किट हाउस अंबिकापुर में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रमुख पत्रकारों से मुलाकात की।
इस दौरान पत्रकारों से अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों की कार्यशैली, संगठन में उनकी सक्रियता एवं जनसंपर्क क्षमता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पर्यवेक्षक दल के अनुसार, मीडिया जगत से प्राप्त सुझाव अध्यक्ष पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।दल ने यह भी बताया कि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद का यह क्रम 14 अक्टूबर को भी जारी रहेगा।
—
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








