अवैध लकड़ी परिवहन से दर्दनाक हादसा — निर्दोष की मौत, एक गंभीर घायल
सीतापुर, सरगुजा। क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी का बढ़ता हुआ नेटवर्क अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। इसी के चलते आज एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसमें रत्नपुर निवासी कामलेश्वर पिता बादना (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा तूफान कुजुर (33 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह काराबेल से चिकन लेकर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर (संभावित लकड़ी लदा वाहन) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कामलेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तूफान कुजुर को गंभीर चोटें आई हैं। घायल का उपचार सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस ट्रैक्टर से टक्कर हुई वह लकड़ी माफियाओं द्वारा अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन कर रहा था और हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सीतापुर के मांगारी व चलता क्षेत्र में धर्म कांटा के आसपास लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी का कारोबार फल-फूल रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों में आक्रोश है कि यदि प्रशासन ने पहले ही इस पर सख्त कदम उठाए होते तो आज एक निर्दोष की जान न जाती।
मृतक कामलेश्वर कुछ समय से असम में कार्यरत थे और मात्र दो दिन पूर्व ही अपने परिवार से मिलने गांव आए थे। उनकी आकस्मिक मौत से परिजनों व गांव में शोक का माहौल है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि लकड़ी माफियाओं के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
👉 प्रश्न उठता है — आखिर कब थमेगी लकड़ी माफियाओं की मनमानी?
👉 कितनी और निर्दोष जानें जाएंगी इस अवैध कारोबार की भेंट?
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








