Search
Close this search box.

अम्बिकापुर में जर्जर सड़कों को लेकर युवा कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्काजाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अम्बिकापुर में जर्जर सड़कों को लेकर युवा कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्काजाम

अम्बिकापुर, 20 सितम्बर 2025/
अम्बिकापुर शहर की राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम की सड़कों की दुर्दशा को लेकर आज युवा कांग्रेस अम्बिकापुर ब्लॉक ने पीजी कॉलेज के सामने धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्काजाम किया।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गड्ढों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल फूल की तस्वीरें लगाकर डबल इंजन सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बरसात के कारण शहर की सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। जगह-जगह पानी से भरे गड्ढों ने नागरिकों के लिए यातनापूर्ण हालात उत्पन्न कर दिए हैं। संबंधित विभागों की उदासीनता इस हद तक है कि गड्ढों में मरम्मत हेतु मलबा तक नहीं डलवाया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि विभागों की निष्क्रियता से शहरवासियों के लिए नारकीय स्थिति बन गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि सड़कों की मरम्मत हेतु संबंधित विभागों में समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यवाही की जाए। यदि विभागों के पास फंड की कमी है तो सांसद निधि, विधायक निधि, महापौर एवं पार्षद निधि सहित डीएमएफ फंड से राशि उपलब्ध कराई जाए।

युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने कहा कि “अम्बिकापुर की 70 प्रतिशत सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार विकास की जगह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। आम जनता से छलावा किया गया है।”

करीब डेढ़ घंटे चले इस धरना-प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमंत सिंहा, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें