कोठीघर परिसर से पीतल की हाथी की मूर्ति चोरी — पुलिस जांच जारी
सरगुजा राज परिवार एवं छत्तीसगढ़ राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी. एस. सिंहदेव जी के कोठीघर परिसर से एक दुर्लभ और ऐतिहासिक महत्व की पीतल की हाथी की मूर्ति चोरी हो गई है। यह घटना 3 और 4 अगस्त 2025 की दरम्यानी रात को घटित हुई।
कोठीघर के मुख्य द्वार पर रखी गई दो पीतल की हाथी की मूर्तियों में से एक को अज्ञात चोर द्वारा चुराया गया है। संबंधित मूर्ति का वजन 15 किलोग्राम से अधिक बताया गया है। यह मूर्ति वर्षों से कोठीघर की पहचान और गरिमा का प्रतीक रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोठीघर प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस द्वारा प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को कोठीघर के पीछे से प्रवेश करते हुए देखा गया है। पुलिस टीम द्वारा फुटेज का गहन विश्लेषण कर जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच चल रही है। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
राज परिवार एवं कोठीघर प्रबंधन ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोषी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








