एसईसीएल के तटबंध और नाली निर्माण से डूबे खेत, किसानों को भारी नुकसान
जनपद सदस्य प्रतिनिधि धर्मेन्द्र झारिया ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, उचित मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन। ग्राम पंचायत कटकोना में एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) द्वारा बनाए गए तटबंध और नाली के कारण लगभग 15 किसानों के खेतों में पानी भर गया है, जिससे फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। यह स्थिति विगत 7–8 वर्षों से लगातार बनी हुई है, जिससे क्षेत्र के किसानों को हर वर्ष भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आज इस समस्या को लेकर पूर्व जनपद सदस्य एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि श्री धर्मेन्द्र कुमार झारिया जी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्री काशीम सिंह, पूर्व उप सरपंच श्री सहदेव सिंह, श्री करीमन राजवाड़े, श्री देवीशंकर राजवाड़े, रवि सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, मनोज राजवाड़े, तिलेश पैकरा, अरुण सिंह, देवेन्द्र कुमार पैकरा, मनबोध विश्वकर्मा, विकाश सिंह, विजय सिंह सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित थे।निरीक्षण के पश्चात श्री धर्मेन्द्र झारिया जी ने बताया कि “एसईसीएल द्वारा बनाए गए तटबंध व नाली की गलत दिशा व अव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था के चलते हर वर्ष किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता है। अब समय आ गया है कि संबंधित अधिकारी इस पर गंभीरता से विचार करें और प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा प्रदान करें।”
उन्होंने यह भी कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलनात्मक कदम उठाया जाएगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








