हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मृत्यु, विधायक रामकुमार टोप्पो ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिजनों से की बात, जताई संवेदना
आज प्रातः लगभग 6 बजे सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ (बखरीपारा), थाना सीतापुर के अंतर्गत एक दर्दनाक घटना घटी, जब खेत की ओर गए मोहरलाल पिता सेराम, उम्र 55 वर्ष पर दो जंगली हाथियों ने अचानक हमला कर दिया। इस भीषण हमले में मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, उक्त दो हाथी बीते 15 दिनों में अलग-अलग स्थानों पर कुल 6 लोगों की जान ले चुके हैं। हमले के पश्चात दोनों हाथी ग्राम देवगढ़ से लगे महुआ बथान जंगल की ओर चले गए हैं।
वन विभाग की टीम घटनास्थल पर मौजूद है एवं लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और हाथियों से दूर रहने की सलाह दे रही है। प्राप्त सूचना अनुसार यह हाथी घासीडीह से होते हुए पेटला, ललितपुर, गुड़गुड़ाए, NH-43, काराबेल होते हुए देवगढ़ के लामडांड क्षेत्र तक पहुंचे थे, जहां उन्होंने खेत के पास मोहरलाल पर हमला किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा तत्काल राहत के रूप में ₹25,000 की सहायता राशि परिजनों को प्रदान की गई है। शेष ₹5,75,000 की मुआवजा राशि नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, जो वर्तमान में बनारस से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर हैं एवं वाड्रफनगर के पास हैं, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मृतक के परिजनों से संपर्क कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
मीडिया से बातचीत में विधायक श्री टोप्पो ने कहा,
> “यह अत्यंत ही दुखद और हृदय विदारक घटना है। मेरी संवेदना शोकाकुल परिवार के साथ है। मैंने वन विभाग के अधिकारियों से त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं एवं परिवार को शीघ्र मुआवजा राशि प्रदान करने को कहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि,
“हमारे क्षेत्र में वन क्षेत्र के अंधाधुंध कटाव और मानवीय दखल के कारण जंगली जानवरों की रिहायशी इलाकों में आवाजाही बढ़ी है। ऐसे में हम सबको सतर्कता बरतनी होगी और वन्य प्राणियों को न छेड़ते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








